सिंगरौली रिपोर्ट सूरज सिंह गांव की चौपाल में पहुंची पुलिस, खुलकर बोले ग्रामीण एसपी षियाज़ के.एम. ने भकुआर में सुनीं समस्याएं, नशे और साइबर...
सिंगरौली
रिपोर्ट सूरज सिंह
गांव की चौपाल में पहुंची पुलिस, खुलकर बोले ग्रामीण
एसपी षियाज़ के.एम. ने भकुआर में सुनीं समस्याएं, नशे और साइबर अपराध पर चेताया; हिर्रवाह में एएसपी ने लिया जनता का फीडबैक
सिंगरौली। अपराधियों पर शिकंजा कसने के साथ पुलिस अब गांव की चौपाल तक पहुंचकर जनता की नब्ज टटोल रही है।
सोमवार को जिलेभर में “जन चौपाल–आपकी पुलिस आपके द्वार” अभियान के तहत पुलिस अधिकारियों ने गांवों और बस्तियों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए!
नवानगर थाना क्षेत्र के ग्राम भकुआर में आयोजित जन चौपाल में पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. खुद पहुंचे। एसपी ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर क्षेत्र की कानून व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने साफ कहा कि नशे का अवैध कारोबार युवाओं के भविष्य के लिए बड़ा खतरा है और इसमें शामिल लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
एसपी ने ग्रामीणों से अपील की कि गांव में नशे की बिक्री, तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने रात्रि गश्त के साथ दिन में पेट्रोलिंग बढ़ाने और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
हिर्रवाह में एएसपी ने सुनीं शिकायतें
इधर, थाना बैढ़न क्षेत्र की हिर्रवाह बस्ती में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा ने जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। नगर पुलिस अधीक्षक हेमंत कुमार भी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर ठगी, यातायात नियमों और नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूक किया।
हर थाना-चौकी में पहुंची ‘आपकी पुलिस’
जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में भी जन चौपाल आयोजित की गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से सीधे संवाद कर समस्याओं की जानकारी ली और भरोसा दिलाया कि शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा।
पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि अपराध रोकने की लड़ाई सिर्फ पुलिस की नहीं, बल्कि जनता की भागीदारी से ही मजबूत होगी। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे बेझिझक पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते अपराध और नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
No comments