FALSE

Grid

GRID_STYLE
FALSE
TRUE

Breaking News

latest

तीन दिवसीय प्रमंडल स्तरीय खेल महोत्सव का भव्य समापन

तीन दिवसीय प्रमंडल स्तरीय खेल महोत्सव का भव्य समापन खेल प्रतिभाओं के प्रदर्शन से गूंजा वीर कुंवर सिंह स्टेडियम, विजेता खिलाड़ियों को किया गय...


तीन दिवसीय प्रमंडल स्तरीय खेल महोत्सव का भव्य समापन


खेल प्रतिभाओं के प्रदर्शन से गूंजा वीर कुंवर सिंह स्टेडियम, विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित


हजारीबाग उपायुक्त की पहल से सफल हुआ भव्य आयोजन, विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम


 खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का करता है विकास: डीआईजी अंजनी कुमार झा 



खेल और शिक्षा के समन्वय से युवा होंगे और अधिक सशक्त: कुलपति चंद्रभूषण शर्मा 



हजारीबाग झारखंड 
Ashok Banty Raj 



हजारीबाग। हजारीबाग ओलंपिक संघ एवं हजारीबाग जिला प्रशासन के तत्वावधान में वीर कुंवर सिंह स्टेडियम (कर्जन ग्राउंड), हजारीबाग में आयोजित तीन दिवसीय उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल स्तरीय खेल महोत्सव-2026 का सोमवार को भव्य समापन हुआ। तीन दिनों तक चले इस खेल महोत्सव में प्रमंडल के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने फुटबॉल, वॉलीबॉल, खो-खो, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, तीरंदाजी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में हजारीबाग उपायुक्त की प्रमुख भूमिका रही। उनकी पहल एवं जिला प्रशासन के सहयोग से प्रमंडल स्तरीय खिलाड़ियों को एक बड़ा मंच उपलब्ध हुआ, जहां खिलाड़ियों ने प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ खेल भावना और आपसी भाईचारे का भी परिचय दिया।

समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि हजारीबाग डीआईजी अंजनी कुमार झा, विनोबा भावे विश्वविद्यालय के कुलपति चंद्रभूषण शर्मा, हजारीबाग आरक्षी अधीक्षक अमन कुमार, हजारीबाग नगर निगम के महापौर अरविंद कुमार राणा, सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडे, नगर आयुक्त ओम प्रकाश, चतरा जिला परिषद उपाध्यक्ष बृज किशोर कुमार, जिला खेल पदाधिकारी सह पर्यटन पदाधिकारी कैलाश राम, हजारीबाग ओलंपिक संघ के अध्यक्ष हर्ष अजमेरा, आईसेक्ट विश्वविद्यालय के कुल सचिव मुनीष गोविंद, बरकट्ठा जिला परिषद सदस्य कुमकुम देवी तथा भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शेफाली गुप्ता सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।


समापन समारोह के मुख्य अतिथि हजारीबाग डीआईजी अंजनी कुमार झा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण साधन है। उन्होंने कहा कि प्रमंडल स्तरीय खेल महोत्सव के माध्यम से विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों को एक मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है। ऐसे आयोजन खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए अन्य खिलाड़ियों का भी उत्साहवर्धन किया और निरंतर मेहनत करते हुए उच्च स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।


विनोबा भावे विश्वविद्यालय के कुलपति चंद्रभूषण शर्मा ने कहा कि शिक्षा के साथ खेल का भी विद्यार्थियों और युवाओं के जीवन में महत्वपूर्ण स्थान है। खेल शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ मानसिक मजबूती, टीम भावना और आपसी सहयोग की भावना विकसित करता है। उन्होंने कहा कि प्रमंडल स्तरीय खेल महोत्सव में खिलाड़ियों की प्रतिभा और उत्साह देखकर यह स्पष्ट है कि क्षेत्र में खेल की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने आयोजकों एवं जिला प्रशासन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के बड़े आयोजन लगातार होते रहने चाहिए, ताकि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उचित मंच और अवसर मिल सके।


समापन समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने खिलाड़ियों के उत्साह और प्रतिभा की सराहना की तथा कहा कि इस तरह के आयोजनों से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। वक्ताओं ने खेल को युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, स्वास्थ्य और सकारात्मक सोच का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर मेहनत करते हुए जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर हजारीबाग और पूरे प्रमंडल का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान स्टेडियम का माहौल पूरी तरह खेलमय नजर आया। खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल संघों के पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों की मौजूदगी ने समापन समारोह को भव्य बना दिया।


पुरस्कार वितरण में विजेता खिलाड़ियों को मिला सम्मान


समापन समारोह का सबसे आकर्षक एवं गौरवपूर्ण क्षण पुरस्कार वितरण समारोह रहा। विभिन्न खेलों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों एवं टीमों को सम्मानित किया गया।

फुटबॉल प्रतियोगिता

बालिका वर्ग में हजारीबाग ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि रामगढ़ द्वितीय और चतरा तृतीय स्थान पर रहा।

बालक वर्ग में रामगढ़ ने प्रथम स्थान हासिल किया। हजारीबाग द्वितीय तथा कोडरमा तृतीय स्थान पर रहा।

वॉलीबॉल प्रतियोगिता

पुरुष वर्ग में हजारीबाग ने प्रथम, धनबाद ने द्वितीय तथा रामगढ़ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

महिला वर्ग में धनबाद प्रथम, हजारीबाग द्वितीय तथा रामगढ़ तृतीय स्थान पर रहा।

खो-खो प्रतियोगिता

बालक वर्ग में बोकारो प्रथम, हजारीबाग द्वितीय तथा कोडरमा तृतीय स्थान पर रहा।

बालिका वर्ग में हजारीबाग ने प्रथम स्थान हासिल किया। रामगढ़ द्वितीय तथा बोकारो तृतीय स्थान पर रहा।

बैडमिंटन प्रतियोगिता

पुरुष एकल वर्ग में हजारीबाग के नायक स्वप्निल प्रथम, हजारीबाग के अबू रेयान द्वितीय तथा गिरिडीह के अंकित कुमार तृतीय रहे।

पुरुष युगल वर्ग में गिरिडीह के रौशन कुमार एवं आदर्श पांडे प्रथम स्थान पर रहे। हजारीबाग के क्षितिज अनंत एवं रेहान सहाय ने द्वितीय तथा नायक स्वप्निल एवं अबू रेयान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

महिला एकल वर्ग में बोकारो की अनीशा पात्रा प्रथम, हजारीबाग की निशिता राणा द्वितीय तथा हजारीबाग की अनन्या गिरी तृतीय रहीं।

महिला युगल वर्ग में हजारीबाग की अनन्या गिरी एवं होली साक्षी रॉबा की जोड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बोकारो की अनीशा पात्रा एवं आसना कृषु द्वितीय तथा हजारीबाग की रूपांशु कुमारी एवं सुजाता कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।

एथलेटिक्स में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।

400 मीटर पुरुष वर्ग में मनीष बेदिया प्रथम, रितेश कुमार द्वितीय तथा महवीश रजा तृतीय रहे।

100 मीटर महिला वर्ग में पृथ्वी उरांव प्रथम, सपना कुमारी द्वितीय तथा अनीश कुमारी तृतीय रहीं।

200 मीटर पुरुष वर्ग में अरशनान अली प्रथम, करण लकड़ा द्वितीय तथा विवेक कुमार वर्मा तृतीय रहे।

200 मीटर महिला वर्ग में सपना कुमारी प्रथम, अनीशा कुमारी द्वितीय तथा पलक कुमारी तृतीय रहीं।

1500 मीटर महिला वर्ग में अनिशा कुमारी प्रथम, जैकलिन खेस द्वितीय तथा रूबी कुमारी तृतीय रहीं।

1500 मीटर पुरुष वर्ग में अजीत कुमार प्रथम, प्रदीप कुमार द्वितीय तथा लव रविदास तृतीय स्थान पर रहे।

तीरंदाजी में भी खिलाड़ियों ने साधा निशाना

महिला वर्ग में हजारीबाग की ज्योति बाला ने प्रथम, बोकारो की अपूर्वा बांडो ने द्वितीय तथा रामगढ़ की आकांक्षा कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

बालक वर्ग में बोकारो के रुद्राक्ष पांडे प्रथम, बोकारो के विजय गोराई द्वितीय तथा हजारीबाग के प्रियांशु कुमार तृतीय स्थान पर रहे।


सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां


खेल प्रतियोगिताओं के साथ समापन समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। DAV जूनियर के बच्चों ने झारखंडी लोक नृत्य की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं मां संगीतायन के बच्चों ने बांग्ला नृत्य प्रस्तुत कर सांस्कृतिक विविधता की खूबसूरत झलक पेश की।

उदय कुमार के नेतृत्व में आत्मरक्षा एवं कराटे का शानदार प्रदर्शन भी किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। खेल, संस्कृति और आत्मरक्षा के अद्भुत संगम ने समापन समारोह को यादगार बना दिया।


खेल संघों के पदाधिकारी हुए सम्मानित


समारोह के दौरान विभिन्न खेल संघों से जुड़े पदाधिकारियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रशिक्षकों, खेल संघों के पदाधिकारियों एवं सहयोगियों के योगदान की भी सराहना की गई।


तीन दिनों तक चले इस खेल महोत्सव ने न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया, बल्कि हजारीबाग को खेल गतिविधियों के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में भी मजबूती प्रदान की। आयोजन के समापन के साथ ही खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में आगामी प्रतियोगिताओं को लेकर उत्साह और उम्मीद की नई ऊर्जा देखने को मिली।


इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी सह पर्यटन पदाधिकारी कैलाश राम, जिला कराटे संघ के महासचिव उदय कुमार, जिला फुटबॉल संघ के सचिव कौलेश्वर गोप, डीएससी सरोज यादव, ओलंपिक संघ के चंदेश दास, आर्चरी संघ के मनोज कुमार, ताइक्वांडो संघ के हेमंत कुमार, वॉलीबॉल के कार्यकारी अध्यक्ष सत्यदेव सिंह, टेबल टेनिस कोच मोहम्मद रफीक, एथलेटिक्स कोच साबिर हुसैन, अमित शर्मा, खो-खो के संयुक्त सचिव खुर्शीद आलम, मनसूर आलम, जिला खेल कोषांग के नोडल मधुसूदन सिंह, अनवर हुसैन, फुटबॉल खिलाड़ी अनुष्का कुमारी, एथलेटिक्स कोच अनुकंपा रूण्डा एवं मुदस्सर खान सहित शरीफ उल्लाह गुड्डू, देवनारायण प्रसाद, भोला राणा, भीम राणा, सुनील कुमार यादव, मुकेश रंजन, पंकज कुमार, संजू कुमारी, प्रिया कुमारी, अंगेश कुमार राय एवं सरफराज सहित प्रमंडल के कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, खेल प्रेमी, खिलाड़ी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मंच संचालन संजय तिवारी एवं डॉ. प्रहलाद सिंह ने किया।

No comments


अपना विज्ञापन बॉक्स लगवाएं