कन्नौज रिपोर्ट अवनीश चंद्र तिवारी उर्फ छोटे रक्षाबंधन पर 6 वर्षीय मासूम की मौत, राखी बांधने को बेहाल नजर आई बहनें सड़क किनारे खेल रहे मास...
कन्नौज
रिपोर्ट अवनीश चंद्र तिवारी उर्फ छोटे
रक्षाबंधन पर 6 वर्षीय मासूम की मौत, राखी बांधने को बेहाल नजर आई बहनें
सड़क किनारे खेल रहे मासूम की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत, स्वजन बेहाल
• रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदलीं,दो बहनों ने खोया इकलौता भाई।
रक्षाबंधन के त्योहार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब रोड किनारे बच्चों के साथ खेल रहे छह वर्षीय मासूम निखिल को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल मासूम को स्वजन स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
सौरिख थाना क्षेत्र के गांव गुबरिया निवासी शिवरतन का छह वर्षीय पुत्र निखिल रविवार दोपहर बाद गांव में ही महावीर दिवाकर के मकान के सामने अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान सौरिख की तरफ से आए अज्ञात वाहन ने निखिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मासूम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जुट गई।
स्वजन घायल निखिल को आनन-फानन में स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
मासूम की मौत से मां रीना का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में रक्षाबंधन की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन हादसे ने त्योहार की खुशियां मातम में बदल दीं।
बहनों ने नहीं बांध पाई इकलौते भाई की कलाई पर राखी
रक्षाबंधन के दिन निखिल की दोनों बहनें अपने इकलौते भाई की कलाई पर राखी बांधने की तैयारी कर रही थीं। उन्हें क्या पता था कि जिस भाई की कलाई पर राखी बांधने का इंतजार था, वह अब उनके बीच नहीं रहेगा। हादसे के बाद घायल अवस्था में स्वजन निखिल को स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
No comments