चट्टीबरियातू दक्षिण परियोजना पर सांसद का दो टूक संदेश, जनता की सहमति के बिना नहीं होगा कोई फैसला कहा- ग्राम सभा का निर्णय सर्वोपरि, जनता के...
चट्टीबरियातू दक्षिण परियोजना पर सांसद का दो टूक संदेश, जनता की सहमति के बिना नहीं होगा कोई फैसला
कहा- ग्राम सभा का निर्णय सर्वोपरि, जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए हर वैधानिक मंच पर उठाएंगे आवाज।
केरेडारी/अशोक बंटी राज
हजारीबाग जिले के केरेडारी प्रखंड क्षेत्र स्थित चट्टीबरियातू दक्षिण कोयला खनन परियोजना को लेकर चल रही चर्चाओं और भ्रम की स्थिति के बीच हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने क्षेत्रवासियों के हित में स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि जनता की भावना, अधिकार और ग्राम सभा का निर्णय सर्वोपरि है। जनता की इच्छा के विरुद्ध किसी भी प्रकार की जबरदस्ती स्वीकार नहीं की जाएगी। सांसद ने कहा कि चट्टीबरियातू दक्षिण कोयला ब्लॉक का आवंटन हो चुका है, लेकिन केवल आवंटन होने से खनन कार्य तत्काल शुरू नहीं हो जाता। परियोजना को धरातल पर उतारने से पहले कई वैधानिक एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पूरा करना आवश्यक है। नियमानुसार सेक्शन चार, सात और इसके बाद सेक्शन नौ सहित अन्य प्रक्रियाएं पूरी की जानी हैं। इन प्रक्रियाओं में स्थानीय जनता और ग्राम सभा की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल कंपनी अथवा प्रशासनिक प्रक्रिया तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे क्षेत्र के लोगों की जमीन, आजीविका, पर्यावरण, भविष्य और अधिकार सीधे जुड़े हुए हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों की भावनाओं और उनके हितों को प्राथमिकता देना आवश्यक है।
सांसद ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि ग्राम सभा की प्रक्रिया के दौरान वे अपनी बात मजबूती और लोकतांत्रिक तरीके से रखें। यदि जनता परियोजना का विरोध करती है और अपनी जमीन देने के लिए तैयार नहीं है, तो उसकी आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा और स्थानीय जनता का जो भी निर्णय होगा, वे उसके साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।
कंपनी या प्रशासन कानून से ऊपर नहीं
मनीष जायसवाल ने कहा कि जनता की इच्छा के विरुद्ध न तो कोई कंपनी और न ही प्रशासन आगे बढ़ सकता है। ग्राम सभा की प्रक्रिया को दरकिनार कर किसी भी कार्रवाई को स्वीकार नहीं किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए हर लोकतांत्रिक एवं वैधानिक मंच पर उनकी आवाज उठाई जाएगी।
उन्होंने प्रशासन और परियोजना से जुड़े सभी पक्षों से जनता को विश्वास में लेकर, पारदर्शिता के साथ तथा कानून के दायरे में रहकर आगे की कार्रवाई करने का आग्रह किया।
अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील
सांसद ने मीडिया से भी परियोजना को लेकर अफवाह या भ्रम फैलाने के बजाय तथ्यों को जनता के सामने रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि अभी परियोजना की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है और कई महत्वपूर्ण वैधानिक चरण शेष हैं। ऐसे में क्षेत्रवासियों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि जनता के अधिकारों की लड़ाई में वे अकेले नहीं हैं। जनता की इच्छा और हितों के साथ वे पूरी मजबूती से खड़े हैं। जनता जो तय करेगी, उसका साथ दिया जाएगा। प्रेस वार्ता की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह ने की, जबकि संचालन मंडल अध्यक्ष बालगोविंद सोनी ने किया।
मौके पर लोकसभा सांसद प्रतिनिधि सतेंद्र नारायण सिंह, जिला सांसद प्रतिनिधि अजय साहू, प्रमुख सुनीता देवी, जिला महामंत्री जयनारायण प्रसाद, उपाध्यक्ष उपेन्द्र सिंह, हजारीबाग विधानसभा सांसद प्रतिनिधि किशोर राणा, बड़कागांव विधानसभा सांसद प्रतिनिधि पूनम साव, रामगढ़ जिला प्रभारी राजू साव, बड़कागांव विधानसभा मीडिया सांसद प्रतिनिधि उमेश दांगी, मंडल अध्यक्ष बालगोविंद सोनी, शेर सिंह, शिबू मेहता, विजय यादव, रंजीत कुमार, महेंद्र सिंह, प्रीतम साहू, सहित कई लोग उपस्थित थे।


No comments