मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना वैवाहिक रश्मों और मंत्रोच्चारण के बीच 222 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हांथ • ऊर्जा राज्यमंत्री कैलाश राजपू...
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना वैवाहिक रश्मों और मंत्रोच्चारण के बीच 222 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हांथ
• ऊर्जा राज्यमंत्री कैलाश राजपूत ने नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद, कहा—गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के सम्मान और खुशियों का आधार बनी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना।
रिपोर्ट - अवनीश चंद तिवारी छोटे
कन्नौज।
तिर्वा विधायक व ऊर्जा राज्यमंत्री कैलाश राजपूत की अध्यक्षता में डी.एन. इंटर कॉलेज, तिर्वा में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में कुल 222 जोड़ों का विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया गया, जिसमें 213 हिंदू तथा 9 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे।
समारोह में नवविवाहित जोड़ों ने वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवदंपतियों को सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने नवविवाहित जोड़ों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना प्रदेश सरकार की एक महत्वाकांक्षी एवं जनकल्याणकारी योजना है।
इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह को सम्मानपूर्वक संपन्न कराना तथा उनके परिवारों को आर्थिक सहयोग प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण, सामाजिक समरसता और जरूरतमंद परिवारों को संबल प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सामूहिक विवाह जैसे आयोजन सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और समानता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत है। इस योजना के माध्यम से विवाह जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक दायित्व को पूरा करने में परिवारों को आर्थिक सहायता मिलती है और बेटियों का विवाह गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न होता है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी वेद प्रकाश मिश्रा ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री और सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रति जोड़ा कुल ₹1,00,000 की धनराशि व्यय की जाती है। इसमें ₹64,000 की धनराशि कन्या के बैंक खाते में अंतरित की जाती है, जबकि ₹21,000 की उपहार सामग्री प्रदान की जाती है। शेष ₹15,000 की धनराशि विवाह समारोह की विभिन्न व्यवस्थाओं पर व्यय की जाती है।
उन्होंने बताया कि उपहार सामग्री में वर-वधू के लिए वस्त्र, स्टील डिनर सेट, प्रेशर कुकर, कढ़ाई, ट्रॉली बैग, वैनिटी किट, दीवार घड़ी, सीलिंग फैन, कूलर, आयरन प्रेस, गद्दे एवं तौलिया सहित दैनिक जीवन में उपयोगी विभिन्न सामग्री शामिल हैं। इस सहायता का उद्देश्य नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना तथा उनके परिवारों को आर्थिक सहयोग प्रदान करना है।
जनपद कन्नौज में आयोजित इस सामूहिक विवाह समारोह के माध्यम से 222 पात्र जोड़ों को योजना का लाभ प्रदान किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न धर्मों एवं समुदायों के जोड़ों की सहभागिता ने सामाजिक सद्भाव, पारस्परिक सम्मान और समरसता का संदेश दिया। सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के बीच विवाह समारोह संपन्न कराया गया, जिससे लाभार्थियों एवं उनके परिजनों में उत्साह का माहौल रहा।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार ,खंड विकास अधिकारी उमर्दा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य व्यक्ति, संबंधित अधिकारी एवं लाभार्थियों के परिजन उपस्थित रहे।
No comments