परिषदीय विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता एवं छात्र हितों को लेकर सीडीओ ने दिए प्रभावी निर्देश कन्नौज। अवनीश चंद्र उर्फ छोटे तिवारी मुख्य विक...
परिषदीय विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता एवं छात्र हितों को लेकर सीडीओ ने दिए प्रभावी निर्देश
कन्नौज।
अवनीश चंद्र उर्फ छोटे तिवारी
मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति, जनपद स्तरीय टास्क फोर्स, स्कूल चलो अभियान एवं बेसिक शिक्षा विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता, छात्र उपस्थिति, अवस्थापना सुविधाओं, सुरक्षा, मध्यान्ह भोजन तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की बिंदुवार समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने परिषदीय विद्यालयों के प्रेरणा निरीक्षण की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप विद्यालयों का शत-प्रतिशत निरीक्षण सुनिश्चित करें तथा निरीक्षण की प्रगति को पोर्टल डैशबोर्ड पर समय से अपडेट किया जाए।
विद्यालयों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि चिन्हित 28 परिषदीय विद्यालयों के परिसर से हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजर रही है, वहां आवश्यक कार्यवाही करते हुए लाइन को शीघ्र हटाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में निर्माणाधीन कंप्यूटर लैब के कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्था को शेष कार्यों में तेजी लाकर निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
पीएम पोषण योजना (मध्याह्न भोजन) की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने निर्देश दिए कि प्रत्येक विद्यालय में निर्धारित मीनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए। भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं बच्चों को सुविधाजनक ढंग से भोजन कराने की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। योजना के अंतर्गत प्राथमिक स्तर पर ₹6.78 तथा उच्च प्राथमिक स्तर पर ₹10.17 प्रति छात्र प्रतिदिन की दर से भोजन तथा प्रत्येक सोमवार को ताजा एवं मौसमी फल एवं बुधवार को दूध उपलब्ध कराने की व्यवस्था है।
मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना की समीक्षा करते हुए पात्र शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइया एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों के स्टाफ को योजना का लाभ दिलाने तथा लंबित प्रकरणों का सत्यापन सही ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनपद में अब तक 6,327 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनका जिला स्तर से सत्यापन किया जा चुका है।
मुख्य विकास अधिकारी ने डीसी मनरेगा को निर्देशित किया कि जिन विद्यालयों में पहुंच मार्ग का अभाव है अथवा मार्ग खराब है, वहां स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित योजना के माध्यम से आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कराई जाए, ताकि छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को विद्यालय तक आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु समाप्त होने के बाद विद्यालय परिसरों में झाड़ियों की सफाई, स्वच्छता, रंगाई-पुताई सहित आवश्यक अनुरक्षण कार्य प्राथमिकता से पूर्ण कराए जाएं। विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल, रनिंग वाटर, विद्युत, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। साथ ही बच्चों को मध्याह्न भोजन के दौरान सुविधाजनक ढंग से बैठने के लिए ग्रीन मैट की व्यवस्था कराने के भी निर्देश दिए।
बैठक में निपुण भारत मिशन के अंतर्गत बच्चों की बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान को मजबूत करने, सीखने की कमियों की पहचान कर कैच-अप शिक्षण कराने तथा कक्षा शिक्षण को गतिविधि आधारित बनाने पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर डीसी मनरेगा दिनेश यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
No comments