चट्टीबारियातु कोल ब्लॉक दक्षिणी विस्तार के विरोध में किसानों ने उठाई आवाज, डीसी से गजट अधिसूचना रद्द करने की मांग। केरेडारी/हजारीबाग। अशोक...
चट्टीबारियातु कोल ब्लॉक दक्षिणी विस्तार के विरोध में किसानों ने उठाई आवाज, डीसी से गजट अधिसूचना रद्द करने की मांग।
केरेडारी/हजारीबाग। अशोक बंटी राज
चट्टीबारियातु कोल ब्लॉक के दक्षिणी क्षेत्र के विस्तारीकरण को लेकर केरेडारी प्रखंड के किसानों में विरोध तेज होता जा रहा है। शुक्रवार को हजारीबाग उपायुक्त हेमंत सती से मुलाकात कर एक आवेदन किसान रैयतों ने कोयला मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी गजट राजपत्र संख्या-3956, दिनांक 27 जुलाई 2026 को निरस्त करने की मांग की है। इस संबंध में किसानों की ओर से संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को आवेदन सौंपकर अधिसूचना रद्द कराने की मांग की गई है। आवेदन में किसानों ने कहा है कि राजपत्र के अनुसार केरेडारी प्रखंड के केरेडारी, ओमें, खपिया, लयसुकवार, पेटो, कराली, पगार, जोरदाग, भदईखाप एवं बुकरू समेत 11 गांवों की कुल 1839.14 एकड़ जमीन के अधिग्रहण की अधिसूचना जारी की गई है। किसानों का कहना है कि प्रस्तावित भूमि कृषि योग्य एवं बहुफसलीय है, जहां वर्ष में तीन फसलें उगाई जाती हैं। यह जमीन रैयती एवं पुश्तैनी होने के कारण हजारों किसान परिवारों की आजीविका का मुख्य आधार है।
किसानों ने आशंका जताई है कि जमीन अधिग्रहण होने से बड़ी संख्या में परिवारों के सामने रोजगार, आजीविका और भविष्य की सुरक्षा का संकट खड़ा हो जाएगा। उनका कहना है कि कृषि भूमि चले जाने से किसानों के रोजी-रोटी का एकमात्र साधन समाप्त हो जाएगा और क्षेत्र में बेरोजगारी बढ़ने की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। किसानों ने प्रशासन एवं सरकार से उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए उक्त गजट अधिसूचना को निरस्त कराने के लिए उचित कार्रवाई करने की अपील की है। आवेदन के साथ कोयला मंत्रालय के गजट राजपत्र की छायाप्रति तथा संबंधित गांवों की ग्रामसभा पंजी की छायाप्रति भी संलग्न की गई है। किसानों ने आवेदन की प्रतिलिपि प्रधानमंत्री कार्यालय, कोयला मंत्रालय, झारखंड के मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, कृषि एवं पशुपालन विभाग, एनटीपीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, हजारीबाग सांसद, बड़कागांव विधायक, एनटीपीसी के महाप्रबंधक, अनुमंडल पदाधिकारी सदर हजारीबाग, अपर समाहर्ता, अंचल अधिकारी केरेडारी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को भेजी है।


No comments