गिद्दी में लेवी व रंगदारी वसूली करने पहुंचे राहुल दुबे गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार 40 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल और पल्सर मोटरसाइकिल बरामद ग...
गिद्दी में लेवी व रंगदारी वसूली करने पहुंचे राहुल दुबे गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार
40 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल और पल्सर मोटरसाइकिल बरामद
गिद्दी। अशोक बंटी राज।
गिद्दी थाना पुलिस ने लेवी और रंगदारी वसूली के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए राहुल दुबे गिरोह के दो कथित सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 40 हजार रुपये नकद, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर 2026 को गिद्दी थाना प्रभारी मो. इकबाल हुसैन को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय सदस्य कोयला कारोबारियों से लेवी व रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल से गिद्दी क्षेत्र में पहुंचने वाले हैं। सूचना से वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई शुरू की गई।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी लेवी की रकम वसूलकर बुंडू-बसरिया होते हुए रामगढ़ की ओर भाग रहे हैं। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए टोंगी-गिद्दी मेन रोड के पास मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन सशस्त्र बल के सहयोग से उन्हें मोटरसाइकिल समेत पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मन्नु कुमार साव (19 वर्ष), पिता प्रमोद साव, सौदागर मोहल्ला, रामगढ़ कैंट तथा अविनाश कुमार (करीब 18 वर्ष), पिता राजेश साव, कोरीटोला मुंडा टोली, रामगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 500 रुपये के 80 नोट, कुल 40,000 रुपये, सफेद रंग का VIVO एंड्रॉयड मोबाइल, नीले रंग का VIVO एंड्रॉयड मोबाइल तथा काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल संख्या JH24M-6620 बरामद की है। इस संबंध में गिद्दी थाना कांड संख्या 30/26, दिनांक 10 सितंबर 2026 दर्ज करते हुए बीएनएस की संबंधित धाराओं 111(2)(b), 111(3), 308(3) एवं 308(4) के तहत कार्रवाई की गई है। छापामारी टीम में शामिल पुलिसकर्मी थाना प्रभारी पु.अ.नि. मो. इकबाल हुसैन, पु.अ.नि. दामुराम बोयपाई, स.अ.नि. चंदन उरांव, स.अ.नि. सुनील कुमार, आरक्षी ओम प्रकाश कुमार महतो, आरक्षी राजेन्द्र कुमार एवं चालक आरक्षी अनिल कुमार सिंह शामिल रहे।

No comments