FALSE

Grid

GRID_STYLE
FALSE
TRUE

Breaking News

latest

सफलता की कहानी : किसान समृद्धि योजना से बदली तकदीर।

सफलता की कहानी : किसान समृद्धि योजना से बदली तकदीर। विष्णुगढ़ हजारीबाग अशोक बंटी राज जिला हजारीबाग के विष्णुगढ़ प्रखण्ड अंतर्गत पंचायत बेड...

सफलता की कहानी : किसान समृद्धि योजना से बदली तकदीर।


विष्णुगढ़ हजारीबाग
अशोक बंटी राज

जिला हजारीबाग के विष्णुगढ़ प्रखण्ड अंतर्गत पंचायत बेडाहरियारा के वादीखरना गाँव निवासी तालेश्वर यादव आज उन प्रगतिशील किसानों में शामिल हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत, लगन और सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर खेती को लाभकारी व्यवसाय में बदल दिया है।
दसवीं तक शिक्षा प्राप्त करने के बाद तालेश्वर जी ने नौकरी की तलाश की, लेकिन उनका मन उसमें नहीं लगा। उन्होंने एक साहसिक निर्णय लेते हुए खेती-किसानी को ही अपना मुख्य व्यवसाय बना लिया। पढ़े-लिखे युवा के रूप में खेती को अपनाना उनके लिए आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने न केवल अपने परिवार को प्रेरित किया बल्कि अन्य किसानों के लिए भी एक मिसाल पेश की। तालेश्वर जी के पास लगभग 5 एकड़ पुश्तैनी जमीन है, जहां पहले पारंपरिक तरीके से केवल धान, गेहूं और सरसों की खेती होती थी। इससे परिवार का भरण-पोषण तो हो जाता था, लेकिन अतिरिक्त आय के लिए कोई खास साधन नहीं था। पिछले तीन वर्षों से वे आत्मा (ATMA), हजारीबाग से जुड़े हैं। आत्मा के प्रखंड तकनीकी प्रबंधक एवं प्रसार कर्मियों के मार्गदर्शन में उन्होंने प्रशिक्षण, परिभ्रमण एवं गोष्ठियों में भाग लिया। इससे उन्हें आधुनिक खेती की नई तकनीकों की जानकारी मिली। आत्मा के सुझाव पर उन्होंने रबी एवं गरमा मौसम में दलहन, तिलहन एवं सब्जियों की खेती शुरू की। साथ ही, उन्हें किसान समृद्धि योजना के अंतर्गत चलंत सोलर पंपसेट उपलब्ध कराया गया, जिसने उनकी खेती में क्रांतिकारी बदलाव ला दिया।
पहले सिंचाई के लिए उन्हें पेट्रोल और डीजल पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे एक फसल की सिंचाई में लगभग 20 से 25 हजार रुपये तक खर्च आ जाता था। खेत अलग-अलग स्थानों पर होने के कारण यह और भी कठिन हो जाता था। लेकिन अब चलंत सोलर पंपसेट की मदद से वे आसानी से एक स्थान से दूसरे स्थान तक सिंचाई कर पाते हैं। इससे न केवल उनका खर्च कम हुआ, बल्कि समय और श्रम की भी बचत हुई। तकनीकी मार्गदर्शन से प्रेरित होकर तालेश्वर जी ने लगभग 4 एकड़ जमीन में गरमा मौसम में खीरा, तरबूज और टमाटर की उन्नत खेती की। इस पहल से उन्हें शानदार सफलता मिली और पिछले वर्ष उन्होंने 1.5 लाख रुपये से अधिक की आमदनी अर्जित की। आज तालेश्वर यादव न केवल आर्थिक रूप से सशक्त हुए हैं, बल्कि अपने क्षेत्र के अन्य किसानों को भी प्रेरित कर रहे हैं।

👉 तालेश्वर जी का संदेश है:-

“सरकार किसानों के लिए कई लाभकारी योजनाएं चला रही है। जरूरत है जागरूक होकर इनका लाभ उठाने की। किसान भाई-बहन आत्मा के प्रसार कर्मियों से जुड़े रहें और आधुनिक तकनीकों को अपनाएं।”

No comments


अपना विज्ञापन बॉक्स लगवाएं