बड़कागांव के सिकरी पंचायत में युवक की गला रेतकर हत्या, परिजनों ने सड़क जाम की दी चेतावनी।। Barkagaon Hazaribagh Ashok Banty Raj हजारीबाग ...
बड़कागांव के सिकरी पंचायत में युवक की गला रेतकर हत्या, परिजनों ने सड़क जाम की दी चेतावनी।।
Barkagaon Hazaribagh
Ashok Banty Raj
हजारीबाग :--हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत सिकरी ओपी के पारनदी गांव में 28 वर्षीय तुलसी महतो (पिता–रामेश्वर महतो) की निर्मम हत्या से पूरे क्षेत्र में दहशत एवं आक्रोश का माहौल व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, तुलसी महतो सोमवार को सिकरी गांव में मजदूरी हेतु छत ढलाई का कार्य करने गया था, किंतु सायंकाल वह घर वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
मंगलवार, 3 मार्च को दोपहर लगभग एक बजे ऊपर मोहड़र-चीटाही स्थित खेत में उसका शव बरामद किया गया। शव की स्थिति अत्यंत भयावह थी। गला रेतकर हत्या किए जाने के स्पष्ट चिन्ह पाए गए हैं। परिजनों का आरोप है कि अज्ञात अपराधियों द्वारा पहले उसे बहला-फुसलाकर ले जाया गया, उसके साथ मारपीट की गई तथा शरीर पर गर्म पानी डालने के भी संकेत मिले हैं। इसके उपरांत उसकी हत्या कर शव को खेत में फेंक दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी पवन कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच प्रारंभ की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजने की प्रक्रिया जारी । तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। हत्या के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है, किंतु परिजन पुरानी रंजिश अथवा साजिश की आशंका जता रहे हैं। मृतक का ससुराल कटकमसांडी प्रखंड के बसंतपुर में है। वह अपने पिता का इकलौता पुत्र एवं परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। उसके पीछे पत्नी, एक पुत्री एवं एक पुत्र हैं। घटना से परिवार पर गहरा आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।आक्रोशित परिजनों ने शीघ्र गिरफ्तारी, उचित मुआवजा एवं आश्रित को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। मांगें पूरी न होने पर सड़क जाम एवं धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी गई है। पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


No comments