बड़कागांव में NTPC पकरी ने विद्यार्थियों को दी पुस्तकालय की सौगात बड़कागांव/अशोक बंटी राज NTPC माइनिंग लिमिटेड की पकरी बरवाडीह कोल माइनिंग प...
बड़कागांव में NTPC पकरी ने विद्यार्थियों को दी पुस्तकालय की सौगात
बड़कागांव/अशोक बंटी राज
NTPC माइनिंग लिमिटेड की पकरी बरवाडीह कोल माइनिंग प्रोजेक्ट ने शिक्षा के क्षेत्र में एक और सराहनीय पहल करते हुए बड़कागांव में संचालित निःशुल्क आईआईटी-जेईई एवं नीट कोचिंग कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए पुस्तकालय की सौगात दी है। पुस्तकालय का विधिवत उद्घाटन जागृति महिला संघ की अध्यक्षा अनिता दाश ने किया। इस पुस्तकालय की स्थापना का मुख्य उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक संसाधन, उपयोगी पुस्तकें एवं अध्ययन के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है। अब कोचिंग कक्षाओं में अध्ययनरत विद्यार्थी पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों और अध्ययन सामग्री का लाभ उठाकर अपनी तैयारी को और बेहतर बना सकेंगे।

उल्लेखनीय है कि एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड की पकरी बरवाडीह कोल माइनिंग प्रोजेक्ट द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निःशुल्क आईआईटी-जेईई एवं नीट कोचिंग कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक एवं भौगोलिक सीमाओं के बावजूद ग्रामीण विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के बेहतर अवसर प्रदान करना है। उद्घाटन के अवसर पर विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति समर्पित रहने, नियमित अध्ययन करने और अपने निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने हेतु प्रेरित किया गया।एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड की यह पहल शिक्षा के माध्यम से ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने, युवाओं को सशक्त बनाने और उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। निश्चित रूप से पुस्तकालय की सुविधा विद्यार्थियों की तैयारी को नई दिशा देने के साथ उनके सपनों को साकार करने में सहायक साबित होगी।
No comments