महिला स्वास्थ्य एवं निःसंतानता उपचार परामर्श शिविर में उमड़े लोग, 70 ने लिया लाभ पीसीओएस, पीसीओडी, बांझपन और गर्भधारण संबंधी समस्याओं पर विश...
महिला स्वास्थ्य एवं निःसंतानता उपचार परामर्श शिविर में उमड़े लोग, 70 ने लिया लाभ
पीसीओएस, पीसीओडी, बांझपन और गर्भधारण संबंधी समस्याओं पर विशेषज्ञ चिकित्सक ने दी सलाह, निःशुल्क अल्ट्रासाउंड और जांच में 50 प्रतिशत तक की छूट
महिलाओं को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं और निःसंतानता उपचार की विशेषज्ञ सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है : हर्ष अजमेरा
महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर संकोच छोड़कर समय पर जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए : जया सिंह
हजारीबाग/अशोक बंटी राज
महिलाओं के स्वास्थ्य एवं प्रजनन संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने और निःसंतानता की समस्या से जूझ रहे दंपतियों को बेहतर चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार, 5 नवंबर को एचजेडबी आरोग्यम सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के निःसंतानता उपचार केंद्र में विशेष स्वास्थ्य एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 70 लोगों ने पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लिया। शिविर में स्त्री रोग एवं निःसंतानता उपचार विशेषज्ञ डॉ. त्रिशला सिंह ने महिलाओं को पीसीओएस, पीसीओडी, बांझपन, अनियमित मासिक धर्म, बार-बार गर्भपात तथा गर्भधारण में होने वाली परेशानियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को इन समस्याओं के शुरुआती लक्षणों को गंभीरता से लेने, समय पर आवश्यक जांच कराने और विशेषज्ञ चिकित्सक की सलाह के अनुसार उपचार कराने की जानकारी दी। शिविर के दौरान मरीजों को निःशुल्क बाह्य रोगी विभाग परामर्श और निःशुल्क अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा विभिन्न चिकित्सकीय जांचों पर 50 प्रतिशत तक की छूट भी दी गई। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक कारणों से बेहतर चिकित्सा परामर्श से वंचित लोगों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना रहा। अस्पताल के निदेशक हर्ष अजमेरा ने कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य परिवार और समाज की खुशहाली का आधार है। प्रजनन संबंधी समस्याओं एवं निःसंतानता को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाना बेहद जरूरी है। एचजेडबी आरोग्यम का प्रयास है कि हजारीबाग एवं आसपास के क्षेत्रों की महिलाओं और दंपतियों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं तथा विशेषज्ञ परामर्श स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो, ताकि उन्हें बेहतर उपचार के लिए दूसरे शहरों का रुख न करना पड़े।
वही अस्पताल की प्रशासक जया सिंह ने कहा कि महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होना चाहिए और किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर संकोच किए बिना विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। इस तरह के शिविरों का उद्देश्य महिलाओं को उचित मार्गदर्शन देना और रियायती दरों पर जरूरी जांच एवं चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। अस्पताल भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से महिला स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत रहेगा।



No comments