NTPC नॉर्थ कर्णपुरा की पहल से ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट 2026” का भव्य समापन। टंडवा चतरा अशोक बंटी राज NTPC नॉर्थ कर्णपुरा की सामुदायिक व...
NTPC नॉर्थ कर्णपुरा की पहल से ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट 2026” का भव्य समापन।
टंडवा चतरा
अशोक बंटी राज
NTPC नॉर्थ कर्णपुरा की सामुदायिक विकास पहल के अंतर्गत आयोजित “ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट 2026” का भव्य समापन दिनांक 24 मई 2026 को उड़ान खेल परिसर, एनटीपीसी नॉर्थ कर्णपुरा में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला कामता एवं सीआईएसएफ टीम के बीच खेला गया, जिसमें कामता टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। इस अवसर पर दीपक दलेई, महाप्रबंधक (परियोजना) नीरज रॉय, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) सानुज कुमार डीसी सीआईएसएफ तथा रमेश सिंह, डीसी सीआईएसएफ फायर की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में सीएसआर आर एंड आर विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों की भी सक्रिय सहभागिता रही।
फाइनल मैच में कामता टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवरों में 70 रन बनाए। टीम के खिलाड़ियों ने संयमित बल्लेबाजी एवं उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीआईएसएफ टीम पर कामता के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा। सटीक गेंदबाजी एवं शानदार क्षेत्ररक्षण के दम पर सीआईएसएफ की पूरी टीम 64 रन पर ऑल आउट हो गई और इस प्रकार कामता टीम ने रोमांचक मुकाबले में जीत दर्ज की। साथ ही मैच के सफल एवं निष्पक्ष संचालन हेतु झारखंड टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन से दो अंपायर एवं एक मैच रेफरी की सेवाएं भी ली गईं।
यह प्रतियोगिता दिनांक 20 मई 2026 से आयोजित की गई थी, जिसमें क्षेत्र की कुल 10 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में टंडवा, राहम, कामता, गाड़ीलौंग, दुंदूआ, नईपारम, एसोसिएट्स (सपोर्ट स्टाफ), सीआईएसएफ, एनटीपीसी एवं ब्लॉक टीमों ने भाग लेकर खेल प्रतिभा एवं टीम भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने, युवाओं को सकारात्मक मंच प्रदान करने तथा आपसी सौहार्द एवं सामुदायिक सहभागिता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से किया गया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों एवं दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
विजेता टीम कामता को ₹10,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई, जबकि उपविजेता सीआईएसएफ टीम को ₹5,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। खेल भावना एवं आपसी सौहार्द का उत्कृष्ट परिचय देते हुए सीआईएसएफ टीम ने अपनी पुरस्कार राशि ₹5,000 विजेता टीम कामता को प्रदान कर दी, जिसकी उपस्थित सभी लोगों ने सराहना की।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कारों से भी सम्मानित किया गया। सीआईएसएफ टीम के खिलाड़ी साई किरण को “बेस्ट बॉलर ऑफ द टूर्नामेंट” एवं “मैन ऑफ द टूर्नामेंट” घोषित किया गया, जबकि कामता टीम के खिलाड़ी अदनान को “बेस्ट बैट्समैन ऑफ द टूर्नामेंट” का पुरस्कार प्रदान किया गया।
NTPC नॉर्थ कर्णपुरा प्रबंधन ने विजेता एवं उपविजेता टीमों सहित सभी प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।





No comments