हजारीबाग पुलिस के जांबाजों को मिली शाबाशी, एसपी ने प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया हौसला अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में बेहतर प्रदर्शन करने वाले ...
हजारीबाग पुलिस के जांबाजों को मिली शाबाशी, एसपी ने प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया हौसला
अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिस पदाधिकारियों को मिली शाबाशी
हजारीबाग/अशोक बंटी राज
हजारीबाग जिले में अपराध नियंत्रण, अपराधियों की गिरफ्तारी, मुठभेड़, चोरी एवं गुम हुए मोबाइल की बरामदगी तथा नशा विरोधी जागरूकता अभियान में बेहतर कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को पुलिस अधीक्षक अमन कुमार द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साहस, धैर्य, मेहनत और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की गई।
इन अभियानों में पुलिस अधीक्षक अमन कुमार, एसडीपीओ बड़कागांव अमित आनंद, एसडीपीओ सदर रूपक कुमार सिंह, एसडीपीओ विष्णुगढ़ फौजान अहमद, पुलिस निरीक्षक शाहिद रजा, थाना प्रभारी केरेडारी वेद प्रकाश पांडेय, बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह, लोहसिंघना थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा, कोर्रा थाना प्रभारी नेमधारी रजक समेत कई पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
CEIR पोर्टल से 326 मोबाइल बरामद
जिले में गुम एवं चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी में भी पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की। जनवरी से अगस्त 2026 तक CEIR पोर्टल के माध्यम से 326 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक धारकों को सौंपने में अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) अमित कुमार ने बेहतर कार्य किया। वहीं पु०अ०नि० दीपक कुमार ने साइबर थाना में कार्य करते हुए 326 मोबाइल बरामद किए, जबकि कोर्रा थाना प्रभारी नेमधारी रजक ने 58 मोबाइल बरामद किए।
नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान में भी पुलिस की सक्रिय भूमिका
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बरही अनुमंडल क्षेत्र के स्कूल-कॉलेजों एवं सार्वजनिक स्थानों पर छात्र-छात्राओं, युवाओं और आम लोगों के बीच नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान में एसडीपीओ बरही राधा प्रेम किशोर, बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार, बरकठा थाना प्रभारी आशीष भगत, गोरहर थाना प्रभारी रवि रंजन एवं महिला थाना प्रभारी कुमारी राधा रागिनी की भूमिका रही।
पदमा गोलीकांड का सफल उद्भेदन
6 सितंबर को पदमा ओपी क्षेत्र में सेवानिवृत्त शिक्षक को अज्ञात अपराधी द्वारा गोली मारकर घायल किए जाने के मामले का सफल उद्भेदन, आरोपी की गिरफ्तारी एवं हथियार बरामद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिस पदाधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें एसडीपीओ बरही राधा प्रेम किशोर, पुलिस निरीक्षक अनिल कुमार, पदमा ओपी प्रभारी श्रवण कुमार एवं आलोक कुमार सोरेन शामिल रहे।
कोढ़ा गिरोह के 8 अपराधियों की गिरफ्तारी में भी सफलता
लोहसिंघना थाना क्षेत्र में छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने वाले कोढ़ा गिरोह के आठ अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा उनके पास से छिने गए सोने के आभूषण, अपराध में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं अन्य सामान बरामद करने में अहम भूमिका निभाने वाले पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण और आम जनता की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से इसी तरह पूरी निष्ठा, साहस और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपेक्षा जताई।





























No comments