किशनी: रोटावेटर की चपेट में आने से सात वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत, घर का इकलौता चिराग बुझा किशनी, मैनपुरी: थाना किशनी क्षेत्र के ग्राम स...
किशनी: रोटावेटर की चपेट में आने से सात वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत, घर का इकलौता चिराग बुझा
किशनी, मैनपुरी: थाना किशनी क्षेत्र के ग्राम सकरामपुर में शनिवार को एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया। खेत की जुताई के दौरान सात वर्षीय मासूम बच्चा रोटावेटर की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक बच्चा अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था, जिसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
पिता को खाना देने गया था मासूम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सकरामपुर निवासी विपिन का सात वर्षीय पुत्र कृष्णा दोपहर के समय घर से अपने पिता को खाना देने के लिए खेतों पर गया था। खेत पर ट्रैक्टर में रोटावेटर लगाकर जुताई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान कृष्णा अचानक ट्रैक्टर के पीछे चल रहे रोटावेटर के बेहद करीब पहुंच गया और उसकी चपेट में आ गया। रोटावेटर के ब्लेडों की चपेट में आने से मासूम का शरीर क्षत-विक्षत हो गया और उसकी तत्काल मौत हो गई।
मौके से फरार हुआ चालक, फॉरेंसिक टीम ने की जांच
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक (जो कि रिश्तेदार बताया जा रहा है) डर के मारे मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी छत्रपाल सिंह पुलिस बल और फॉरेंसिक एक्सपर्ट टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इकलौता बेटा खोने से गमगीन हुआ परिवार
मृतक कृष्णा अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी एक तीन वर्षीय छोटी बहन आराध्या है। मासूम की मौत की खबर जैसे ही गांव में फैली, पूरे इलाके में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट :प्रदीप सैनी
No comments