अनुकरणीय हैं लायंस क्लब के सामाजिक कार्य : सीएमओ • लायंस क्लब कन्नौज द्वारा आयोजित निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का फीता काटकर शुभारंभ करने...
अनुकरणीय हैं लायंस क्लब के सामाजिक कार्य : सीएमओ
• लायंस क्लब कन्नौज द्वारा आयोजित निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का फीता काटकर शुभारंभ करने के बाद बोले सीएमओ डॉ विकास चंद्रा ।
• गरीबों के सहायतार्थ लायंस क्लब कन्नौज द्वारा आयोजित 58 वें वार्षिक नेत्र चिकित्सा शिविर में दूर दराज से आए सैकड़ों मरीज ।
• शंकरा नेत्र चिकित्सालय कानपुर के अनुभवी नेत्र चिकित्सकों ने मरीजों का परीक्षण कर किया यथा उचित उपचार ।
रिपोर्ट -अवनीश चंद्र तिवारी
कन्नौज । रविवार को शहर के मोहल्ला ग्वाल मैदान स्थित कान्ह कुंवर इंटर कॉलेज में लायंस क्लब कन्नौज द्वारा गरीबों के सहायतार्थ निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित किया। शंकरा नेत्र चिकित्सालय कानपुर के सहयोग से आयोजित निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विकास चंद्रा ने फीता काटकर शुभारंभ किया। सुबह 9 बजे से शुरू होकर दोपहर 2 बजे तक चले शिविर में दूर दराज के सैकड़ों मरीजों ने लाभ उठाया।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लायंस क्लब कन्नौज द्वारा आयोजित 58 वें निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पधार कर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विकास चंद्रा ने फीता काटकर शुभारंभ किया । इससे पहले मुख्य अतिथि सीएमओ डॉ चंद्रा का लायंस क्लब के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ सदस्य लायन दिनेश दुबे की पुत्री आराध्या दुबे ने रोली अक्षत से तिलक किया और क्लब के वरिष्ठतम सदस्य लायन बी एन सक्सेना ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर स्वागत किया। लायन अमित मिश्रा ने कार्यक्रम संचालन के दौरान मुख्य अतिथि डॉ चंद्रा को क्लब द्वारा किये जाने वाले सामाजिक कार्यों से अवगत कराया। इस दौरान अपने संक्षिप्त संबोधन में मुख्य अतिथि डॉ विकास चंद्रा ने कहा कि अन्तर्राष्ट्रीय समाजसेवी संस्था लायंस क्लब के सेवा कार्यों से पूरा विश्व परिचित है। संस्था से जुड़े लोग अत्यंत सेवाभावी होते हैं, जो समाज के निम्न एवं असहाय वर्ग के लोगों का समय समय पर सहयोग करते रहते हैं । डॉ चंद्रा ने कहा कि उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि शरीर के प्रमुख अंग आँख की सुरक्षा और उपचार के लिए लायंस क्लब कन्नौज दशकों से लगा हुआ है ।
नेत्र चिकित्सा शिविर का उदघाटन करने से पहले मुख्य अतिथि सीएमओ डॉ विकास चंद्रा ने क्लब के अध्यक्ष लायन सुमित कुशवाहा, सचिव लायन रजनीश श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष लायन जितेंद्र सिंह वर्मा, आई कैंप चेयरपर्सन लायन शैलेंद्र जैन सहित समस्त सदस्यों से परिचय प्राप्त किया। कार्यक्रम समापन पर क्लब अध्यक्ष के साथ वरिष्ठ सदस्य केदार सामवेदी ने मुख्य अतिथि को उत्तरीय उड़ाने के बाद प्रतीक चिन्ह के साथ उपहार भेंट किया जबकि लायन बी एन सक्सेना ने क्लब का पिन लगाकर मुख्य अतिथि को आनरेरी मेंबर बनाया।




No comments