गोरखपुर रिपोर्ट: नेहा सिंह *व्यापारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर पुलिस-व्यापारी बैठक आयोजित* *यातायात व्यवस्था सुधार व सुरक्षा को लेकर...
गोरखपुर
रिपोर्ट: नेहा सिंह
- *व्यापारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर पुलिस-व्यापारी बैठक आयोजित*
*यातायात व्यवस्था सुधार व सुरक्षा को लेकर पुलिस का आश्वासन, सुझावों पर त्वरित कार्रवाई*
गोरखपुर। शहर में व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में पुलिस-व्यापारी बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटील एवं नोडल अधिकारी व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ/पुलिस अधीक्षक यातायात अमित श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से की। बैठक में जनपद के विभिन्न व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लेकर अपनी समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे।
बैठक के दौरान व्यापारियों ने सुरक्षा, अराजक तत्वों की गतिविधियों और यातायात व्यवस्था से जुड़ी कई समस्याएं उठाईं। इस पर अधिकारियों ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए। कई मामलों में मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया गया, जिससे व्यापारियों में संतोष देखने को मिला।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी व्यापारियों ने महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इस पर उपस्थित यातायात अधिकारियों ने तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए समस्याओं के समाधान की दिशा में कदम उठाए और आश्वस्त किया कि शहर में यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम बनाया जाएगा, ताकि व्यापारिक गतिविधियों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा जनपद पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि व्यापारियों के साथ किसी भी तरह की बदसलूकी या अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने व्यापारियों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या समस्या की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। साथ ही, पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में क्षेत्राधिकारी कैंट विभा सिंह, यातायात निरीक्षक मनोज कुमार राय, चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय सिंघानिया, सूर्य बिहार उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष दिनेश कुमार जायसवाल, चैंबर ऑफ कॉमर्स के सदस्य रमेश चंद गुप्ता, पूर्वांचल व्यापार एसोसिएशन के जिला महामंत्री अब्दुल मेराज खान, जितेन्द्र शुक्ला, राजीव पांडेय, इमरान सिद्दीकी सहित अनेक व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
No comments