सेवा संकल्प सप्ताह के शिविरों में पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के साथ शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें : डीएम कन्नौ...
सेवा संकल्प सप्ताह के शिविरों में पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के साथ शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें : डीएम
कन्नौज
रिपोर्ट अवनीश चंद तिवारी
जनपद में आमजन तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाने एवं उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से 25 सितम्बर से 01 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत विकासखंड कन्नौज, हसेरन, छिबरामऊ एवं जलालाबाद में विभिन्न विभागों द्वारा शिविर आयोजित कर नागरिकों को योजनाओं की जानकारी, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया से अवगत कराया जा रहा है तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
इसी क्रम में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने विकासखंड जलालाबाद में आयोजित सेवा संकल्प सप्ताह के विभिन्न विभागीय शिविरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न काउंटरों पर पहुंचकर विभागीय अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति, लाभार्थियों की संख्या तथा प्राप्त शिकायतों के संबंध में जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या को गंभीरता, संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ सुना जाए तथा प्राप्त शिकायतों का यथासंभव उसी दिन अनिवार्य रूप से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी प्रकरण का तत्काल समाधान संभव न हो तो उसका विवरण दर्ज करते हुए सेवा संकल्प सप्ताह के अंतिम दिवस तक प्रत्येक दशा में निस्तारण कराया जाए।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प सप्ताह का उद्देश्य केवल योजनाओं की जानकारी देना नहीं, बल्कि पात्र नागरिकों को चिन्हित कर उन्हें शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ दिलाना है। प्रत्येक विभाग अपने से संबंधित योजनाओं, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया की सरल एवं स्पष्ट जानकारी आमजन को उपलब्ध कराए तथा पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करने के लिए सक्रियता से कार्य करे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा के साथ-साथ निस्तारण की गुणवत्ता एवं संतुष्टि भी सुनिश्चित की जाए। शिविरों में आने वाले नागरिकों को अनावश्यक रूप से किसी कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें अधिकतम सेवाएं एवं समाधान स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध कराए जाएं।
जिलाधिकारी ने बताया कि सेवा संकल्प सप्ताह का अगला चरण 03 से 09 अक्टूबर 2026 तक विकासखंड गुगरापुर, तालग्राम, सौरिख एवं उमर्दा में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी चरण के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं तथा शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, जिससे अधिक से अधिक पात्र नागरिक इसका लाभ उठा सकें।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी जलालाबाद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
No comments