अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों में तीन दिवसीय राहत शिविर अभियान चलाया जाएगा _असीम अरूण ब्यूरो अवनीश चंद्र उर्फ छोटे तिवारी कन्नौज प्रदेश के ...
अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों में तीन दिवसीय राहत शिविर अभियान चलाया जाएगा _असीम अरूण
ब्यूरो अवनीश चंद्र उर्फ छोटे तिवारी
कन्नौज
प्रदेश के समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरूण ने कलेक्ट्रेट स्थित कमांड सेंटर में आयोजित बैठक में अतिवृष्टि से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा करते हुए प्रभावित नागरिकों को तत्काल राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अतिवृष्टि के दृष्टिगत जनपद में तीन दिवसीय राहत शिविर अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए टीमें गठित कर लगभग 22 से 24 स्थानों पर जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में राहत शिविर आयोजित किए जाएं।
राज्यमंत्री ने कहा कि राहत शिविरों में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग स्थानों पर न जाना पड़े। एक ही स्थान पर पशु चिकित्सक, चिकित्सक, लेखपाल सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपलब्ध रहकर समस्याओं का निराकरण करेंगे तथा आवश्यकता के अनुसार राहत सामग्री का वितरण भी किया जाएगा।
उन्होंने आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी बनाने के लिए आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण प्राप्त 75 होमगार्डों को जिला एवं तहसील मुख्यालयों पर तैनात करने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तत्काल मौके पर भेजकर राहत एवं बचाव कार्य कराया जा सके।
बैठक में बताया गया कि जनपद में अब तक 72 स्थानों पर मकान गिरने की सूचना प्राप्त हुई है। राज्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रभावित पात्र लाभार्थियों को तत्काल अनुमन्य सहायता उपलब्ध कराने के लिए धनराशि भेजने की कार्रवाई पूर्ण की जाए।
साथ ही ऐसे परिवारों का सर्वे कराया जाए, जिनके कच्चे मकान अतिवृष्टि के कारण गिर गए हैं, ताकि पात्रता के आधार पर उन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जा सके। उन्होंने बताया कि जनपद में 18 पशु हानि के प्रकरण सामने आए हैं, जिनमें सहायता राशि भेजने की कार्रवाई की जा चुकी है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जिन व्यक्तियों के कच्चे मकान गिर गए हैं, वे सहायता एवं शिकायत के लिए कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 1077 पर सूचना दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने फसल क्षति के सर्वे कार्य को प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश देते हुए कहा कि दो दिवस के भीतर फसल हानि का सर्वे पूर्ण कराया जाए। फसल क्षति के आकलन में ड्रोन तकनीक के उपयोग की संभावनाओं पर भी विचार करने को कहा गया।
राज्यमंत्री ने कहा कि अतिवृष्टि के कारण जनपद में 140 विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिनकी मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। जिन गांवों अथवा शहरी क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्या है, वहां के नागरिक 1077 कंट्रोल रूम पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
उन्होंने संचारी रोगों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभावित क्षेत्रों में फॉगिंग, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक कार्य नियमित रूप से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास, अपर जिलाधिकारी देवेन्द्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास चन्द्रा, चीफ वार्डेन नागरिक सुरक्षा कोर प्रवीण टंडन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
No comments