सड़क दुर्घटनाओं में बीजेपी बूथ अध्यक्ष और महिला सहित तीन की मौत,कोहराम मामला कन्नौज जिले में अलग अलग घटी तीन सड़क दुर्घटनाओं का। मृतकों के...
सड़क दुर्घटनाओं में बीजेपी बूथ अध्यक्ष और महिला सहित तीन की मौत,कोहराम
मामला कन्नौज जिले में अलग अलग घटी तीन सड़क दुर्घटनाओं का।
मृतकों के परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस ने शुरू की जांच पड़ताल।
ब्यूरो रिपोर्ट अवनीश चंद्र उर्फ छोटे तिवारी
कन्नौज।
मंगलवार को कन्नौज जिले के अलग अलग क्षेत्रों में घटी सड़क दुर्घटनाओं में बीजेपी के बूथ अध्यक्ष और एक महिला सहित तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक जिले के थाना सौंरिख क्षेत्र के नादेमऊ निवासी 45 वर्षीय सुरेंद्र सक्सेना बीजेपी के बूथ अध्यक्ष थे और अपने पिता महावीर के साथ रहते थे। सुरेंद्र सब्जी की खरीद और बिक्री का कार्य करते थे और अपनी जीविका को चलाते थे। मंगलवार की सुबह सुरेंद्र बाइक से सब्जी लेकर अपने घर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वह नादेमऊ पुलिस चौकी के निकट पहुंचे इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक के चालक की अनियंत्रण के कारण सुरेंद्र की बाइक से भिड़ंत हो गई।
दुर्घटना में सुरेंद्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों और सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने घायल सुरेंद्र को उपचार हेतु तिर्वा मेडिकल कॉलेज भिजवाया। उपचार के दौरान डाक्टरों ने सुरेंद्र की मौत की पुष्टि कर दी। मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मचा गया। सूचना पर मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा है। आगे की कार्यवाही पी.एम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर किए जाने की बात कही गई है। मृतक के शव पर परिजनों के करुण क्रंदन का सिलसिला जारी था।
दूसरी घटना तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के बेला उमर्दा वाया औरैया मार्ग पर गसीमपुर पुलिया के निकट घटी। यहां सड़क पार करते समय एक 40 वर्षीय महिला को तेज रफ्तार पिकअप के चालक ने अनियंत्रण के कारण टक्कर मार दी। दुर्घटना में घायल महिला की उपचार के दौरान डाक्टरों ने मौत की पुष्टि कर दी।
जानकारी के मुताबिक कानपुर नगर के बिल्हौर कोतवाली क्षेत्र के भवन निवादा गांव निवासी बबलू की पत्नी उमा बीते सोमवार को अपने मायके तिर्वा कोतवाली के धरमंगदपुर गांव स्थित अपने भाई उमेश के घर आई थीं। मंगलवार की सुबह उमा मायके के अन्य सदस्यों के साथ तालग्राम स्थित रोहिली माता मंदिर के दर्शन के लिए घर से निकली थीं। परिजनों के साथ उमा गसीमपुर गांव के निकट पहुंची।
इसी दौरान यहां रुके परिवार के सदस्यों के बीच किसी कारण से उमा ने सड़क पार करने का प्रयास किया। जैसे ही उमा सड़क पार कर रही थीं इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक पिकअप चालक ने अनियंत्रण के कारण उमा को टक्कर मार दी। घटना के बाद जहां वाहन चालक मौके से भाग निकला वहीं दुर्घटना में उमा गंभीर रूप से घायल हो गईं।
उपचार हेतु ले जाए जाने के दौरान महिला की मौत हो गई। मामले की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू करते हुए मृतक महिला के शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा था।पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर पर आगे की कार्यवाही की बात पुलिस ने कही है। मृतक महिला के शव पर परिजनों के करुण क्रंदन का सिलसिला जारी था।
तीसरी सड़क दुर्घटना तिर्वा कन्नौज मार्ग पर सदर कोतवाली क्षेत्र के पाल चौराहे के निकट घटी। जानकारी के मुताबिक तिर्वा से कन्नौज जाने के लिए एक टेम्पो पर बैठकर सवारियां रवाना हुई थीं। टैंपो पर तिर्वा के मोहल्ला दुर्गा नगर निवासी 62 वर्षीय रमाकांत पुत्र रूप नरायन भी अन्य महिला पुरुष सवारियों के साथ मौजूद थे। जानकारी के मुताबिक रमाकांत को कानपुर जाना था। जैसे ही ऑटो तिर्वा कन्नौज मार्ग पर पाल चौराहे के निकट पहुंची इसी दौरान अनियंत्रण के कारण ऑटो सड़क पर पलट गई। दुर्घटना के बाद ऑटो सवार सवारियों में चीख पुकार मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। जिसके बाद घायलों को उपचार हेतु हॉस्पिटल भेजा गया। घायल रमाकांत की उपचार हेतु लाए जाने के दौरान तिर्वा मेडिकल कॉलेज में डाक्टरों ने मौत की पुष्टि कर दी।
रमाकांत की मौत पर मौके पर मौजूद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों को करुण क्रंदन का सिलसिला जारी था।
मामले में मृतक के शव को पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू करते हुए पोस्टमार्टम हेतु भेजा था। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्यवाही की बात कही गई है।
No comments