बड़ौत में 26 पेटी हरियाणा मार्का शराब बरामद, दो कारों समेत तीन तस्कर गिरफ्तार पुलिस व आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई, चेकिंग अभियान में म...
बड़ौत में 26 पेटी हरियाणा मार्का शराब बरामद, दो कारों समेत तीन तस्कर गिरफ्तार
पुलिस व आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई, चेकिंग अभियान में मिली बड़ी सफलता
बड़ौत
रिपोर्ट:- हवा सिंह
बड़ौत। अपराध एवं अवैध शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बड़ौत पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 26 पेटी हरियाणा मार्का देशी शराब, तस्करी में प्रयुक्त हुंडई क्रेटा और मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार संयुक्त टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध वाहनों की तलाशी लेने पर दोनों कारों से हरियाणा मार्का देशी शराब की 26 पेटियां बरामद हुईं। मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सूरज पुत्र भवर सिंह निवासी ग्राम सिनौली थाना छपरौली, अर्जुन पुत्र सतवीर निवासी टीकरी थाना दोघट तथा रोहित पुत्र रामकुमार निवासी टीकरी थाना दोघट के रूप में हुई है।
बरामदगी में हुंडई क्रेटा (UP32KX6052) और मारुति सुजुकी स्विफ्ट (DL3CBS6690) भी पुलिस ने कब्जे में ले ली हैं। पूछताछ में पुलिस आरोपियों के शराब तस्करी नेटवर्क और अन्य साथियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
इस संबंध में थाना बड़ौत पर एफआईआर संख्या 541/26 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 63/72 में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त कार्रवाई में शामिल टीम में उपनिरीक्षक सत्यम जंघाला, उपनिरीक्षक विकास चौहान, आबकारी निरीक्षक अमरनाथ, हेड कांस्टेबल राजन सिंह, सुनील कुमार तथा थाना बड़ौत व आबकारी विभाग के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
No comments