मैनपुरी संवाददाता:- प्रदीप सैनी अज्ञात कारणों के चलते विवाहिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिवार में कोहराम भोगांव । थाना क्षेत्र के ग्...
मैनपुरी
संवाददाता:- प्रदीप सैनी
अज्ञात कारणों के चलते विवाहिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिवार में कोहराम
भोगांव । थाना क्षेत्र के ग्राम जैतूलपुर में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ अज्ञात कारणों के चलते एक 35 वर्षीय महिला ने फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम जैतूलपुर निवासी विजय कुमार शाक्य की 35 वर्षीय पत्नी रेखा शाक्य ने दोपहर लगभग दो बजे के आसपास अज्ञात कारणों के चलते अपने कमरे में पंखे के कुंदे से फंदा लगा लिया। परिजनों को जब इस बात की जानकारी हुई, तो घर में चीख-पुकार मच गई।परिजनों ने आनन-फानन में महिला को फंदे से नीचे उतारा और गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर भागे। हालांकि, अस्पताल पहुँचने पर चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद रेखा शाक्य को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया गया है कि मृतका रेखा की शादी लगभग 15 वर्ष पूर्व नवीगंज के पास हुई थी। मृतका का एक 12 वर्षीय पुत्र है, जिसका नाम वंश है। माँ के अचानक इस दुनिया से चले जाने के बाद मासूम बच्चे के सिर से ममता का आंचल उठ गया है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक महाराज सिंह भाटी का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने व परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है, पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
No comments