बच्चों की सुरक्षा के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण औरैया सतर्क, पॉक्सो कानून के प्रति किया जागरूक औरैया। मंगलवार को माननीय उत्तर प्रदेश रा...
बच्चों की सुरक्षा के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण औरैया सतर्क, पॉक्सो कानून के प्रति किया जागरूक
औरैया।
मंगलवार को माननीय उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण औरैया श्री मयंक चौहान के आदेशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, औरैया के तत्वावधान में विद्यालयों में पॉक्सो एक्ट, 2012 के प्रावधानों एवं उसके कानूनी परिणामों के संबंध में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में सोमवार को चौ. विश्वम्भर सिंह भारतीय विद्यालय बालिका इंटर कॉलेज, औरैया में प्रार्थना सभा के दौरान अपर जिला जज तृतीय औरैया श्री महेश कुमार द्वारा छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट, 2012 के महत्वपूर्ण प्रावधानों के बारे में जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से कम आयु का प्रत्येक व्यक्ति कानून की दृष्टि में बच्चा है तथा बच्चों की सुरक्षा के लिए कानून में विशेष प्रावधान किए गए हैं। विद्यार्थियों को यह भी समझाया गया कि नाबालिग से संबंधित मामलों में सहमति का कोई कानूनी महत्व नहीं है। बच्चों को किसी भी प्रकार के शोषण, अनुचित स्पर्श अथवा असुरक्षित परिस्थिति से बचने के लिए जागरूक एवं सतर्क रहने की सलाह दी गई।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षित एवं असुरक्षित व्यवहार की पहचान तथा आवश्यकता पड़ने पर सहायता प्राप्त करने के संबंध में भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की समस्या या खतरे की स्थिति में वे अपने अभिभावकों, शिक्षकों, पुलिस एवं संबंधित विधिक सेवा संस्थाओं से सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम की समन्वयक श्रीमती रोमा गुप्ता, सिविल जज सीनियर डिवीजन/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, औरैया द्वारा कक्षाओं में पोस्टर के माध्यम से छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया। साथ ही विद्यालय में अध्यापकों द्वारा पॉक्सो कानून के बारे में बच्चों को जागरूक किए जाने हेतु प्रधानाचार्य को निर्देशित किया गया। बच्चों की समस्याओं के निस्तारण के लिए विद्यालय में शिकायत बॉक्स लगाए जाने के लिए भी प्रधानाचार्य को निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में उपप्रधानाचार्य श्री अतुल शुक्ला, अध्यापक श्री तरुण बाजपेयी, देवेंद्र चतुर्वेदी, ज्योति शुक्ला सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। वहीं कार्यालय प्रभारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण औरैया दिलीप कुमार, ऋषभ पोरवाल एवं पीएलवी ललता प्रसाद, बृजेश, माण्डवी आदि भी मौजूद रहे। विद्यालय परिवार द्वारा जागरूकता कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट के प्रति जागरूक करना तथा बच्चों की सुरक्षा, अधिकारों एवं उनके संरक्षण के संबंध में सही जानकारी प्रदान करना रहा।
ब्यूरो रिपोर्ट
No comments